बंदूकें लेकर पॉलीथिन जब्त करने पहुंचे निगम अधिकारी, भड़के व्यापारी

गाजियाबाद। घंटाघर बाजार में शनिवार को पॉलीथिन जब्त करने पहुंची नगर निगम की टीम का व्यापारियों ने जबरदस्त विरोध किया। आरोप है कि निगम की टीम के साथ पहुंचे बंदूकधारी प्रवर्तन दस्ते ने अभद्रता की। इससे गुस्साए व्यापारियों ने घंटाघर पर ही धरना दिया। सूचना पर पहुंचे क्षेत्रीय पार्षद राजीव शर्मा भी व्यापारियों के समर्थन में धरने पर बैठ गए। नगर निगम की कार्रवाई रोके जाने के बाद व्यापारियों ने धरना खत्म किया।

शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे नगर निगम के प्रवर्तन दस्ते ने घंटाघर क्षेत्र में प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त करने की कार्रवाई शुरू की। सिटी जोन स्थित घंटाघर के पास पुरानी मुंसिफी बाजार में पहुंचे निगम के प्रवर्तन दस्ते ने एक पैकेजिंग मैटेरियल बेचने वाले दुकानदार के यहां कार्रवाई शुरू की। प्रवर्तन दस्ते ने 13 किलो प्लास्टिक मैटेरियल जब्त कर लिया और दुकानदार पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाकर रसीद काट दी। प्रवर्तन दस्ते की कार्रवाई देख अन्य दुकानदार और पुरानी मुंसिफी व्यापार मंडल के अध्यक्ष भारत गोयल, चेयरमैन अनिल अग्रवाल, विजय गर्ग समेत कई अन्य पदाधिकारी भी पहुंच गए। आरोप है कि प्रवर्तन दस्ते में शामिल बंदूकधारी रिटायर्ड आर्मी मैन ने दुकानदारों से अभद्रता की। बंदूक के बल पर डराया और इकट्ठा होते देख उन्हें भगाने का प्रयास किया।

इस पर दुकानदारों का गुस्सा भड़क गया। वह नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में घंटाघर पर ही धरने पर बैठ गए और निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्रवाई और हंगामे की सूचना पाकर क्षेत्रीय पार्षद राजीव शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने निगम की कार्रवाई का विरोध किया और व्यापारियों के समर्थन में धरने पर बैठ गए। दुकानदारों ने महापौर आशा शर्मा और राज्यमंत्री अतुल गर्ग को सूचना दी। मेयर और राज्यमंत्री ने नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर से फोन पर वार्ता कर कार्रवाई रुकवाई। इसके बाद नगर निगम ने जुर्माने की रसीद को निरस्त कर कार्रवाई रोकी, तब व्यापारियों का गुस्सा शांत हुआ। करीब एक घंटे तक जमकर हंगामा चला।

कोट
नगर निगम की ओर से पहले भी पॉलीथिन जब्त करने की कार्रवाई हुई है लेकिन बंदूकधारी लोगों को नहीं भेजा गया था। व्यापारियों को डराकर उनसे जुर्माना वसूलना गलत है। इसी कार्रवाई का विरोध किया गया। दीपावली तक नगर निगम की ओर से ऐेसी कार्रवाई को रोका जाना चाहिए। – राजीव शर्मा, भाजपा पार्षद

प्लास्टिक के पैकिंग मैटेरियल पर प्रतिबंध नहीं है। इसके बाद भी निगम की टीम ने न सिर्फ पैकिंग मैटेरियल जब्त कर लिया बल्कि 25 हजार रुपये की रसीद भी काट दी। सुबह दुकान खोलते ही दुकानदार 25 हजार रुपये कहां से देगा। कार्रवाई का विरोध करने पर बंदूकधारी लोगों ने व्यापारियों को धमकाया और अभद्रता की। पार्षद, मेयर और राज्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद रसीद निरस्त की गई।

भारत गोयल, अध्यक्ष, पुरानी मुंसिफी व्यापार मंडल

अन्य जोन के बाद शनिवार को सिटी जोन में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाया गया था। 13 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गई। कुछ लोगों ने सरकार के आदेशों पर की जा रही कार्रवाई का विरोध कर अभियान को रुकवाया। बंदूकधारी कर्मचारी प्रवर्तन टीम अपनी सुरक्षा के लिए रखती है, किसी को धमकाने के लिए नहीं। अभद्रता और धमकाने का आरोप गलत है। – रिटा. कर्नल दीपक शरण, प्रवर्तन प्रभारी, नगर निगम-साभार-अमर उजाला

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

 

Exit mobile version