कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 लाख पार, उत्तर प्रदेश समेत ये 7 राज्य सबसे ज्यादा प्रभावित

भारत में कोविड 19 के कुल संक्रमितों की संख्या अब 2 लाख का आंकड़ा पार कर गई है। पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 8,909 नए मामले सामने आए हैं जबकि एक दिन में 217 लोगों की मौत भी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अब तक कोरोना के 2 लाख 7 हजार 615 कंफर्म केस आ चुके हैं। महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु समेत सात राज्यों में कोरोना के 24 घंटे में रिकॉर्ड मरीज मिलने के कारण कुल आंकड़ा 2 लाख पार कर गया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा जानकारी के मुताबिक, देश में कोरोना के 101497 केस एक्टिव हैं। इस वायरस से अब तक 100302 लोग ठीक हुए हैं और 5815 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही भारत दुनिया का सातवां देश है, जहां इतने अधिक लोग इस वायरस से पॉजिटिव पाए जा चुके हैं।

देश में महाराष्ट्र कोरोना वायरस की सबसे ज्यादा मार झेल रहा है। यहां कोविड-19 के 72 हजार से ज्यादा एक्टिव मरीज हैं। वहीं, गुजरात और तमिलनाडु में भी कोरोना के मरीज हर दिन बढ़ते जा रहे हैं।

ये 7 राज्य कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित:-
महाराष्ट्र:- यहां मंगलवार को संक्रमण के 2287 मामले सामने आए। एक दिन में 1225 लोग ठीक हुए और 103 मरीजों की जान गई। राज्य में अब तक 72 हजार 300 संक्रमित मिल चुके हैं। अब तक 2465 लोगों की इस वायरस से जान जा चुकी है और 31 हजार 333 लोग ठीक भी हुए हैं। कोरोना महामारी के बीच राज्य चक्रवाती तूफान निसर्ग की तबाही भी झेल रहा है।

तमिलनाडु:-
महाराष्ट्र के बाद तमिलनाडु में कोरोना के सबसे ज्यादा केस हैं। यहां अब तक कोरोना के 24 हजार 586 केस रिकॉर्ड किए जा चुके हैं। इस वायरस से अब तक 197 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 13 हजार 706 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।

दिल्ली:-
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, दिल्ली में अभी तक कोरोना के 22,132 केस आ चुके हैं। इनमें से 556 लोगों की जान जा चुकी है।
गुजरात:- पिछले 24 घंटों में गुजरात में 29 मौतें हुई और कोरोना के 415 मामले सामने आए हैं। अब पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 17,632 हो गई है, जिसमें 11,894 ठीक/ डिस्चार्ज और 1,092 मौतें शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश:-
यूपी में 24 घंटे में कोरोना के 368 नए पॉजिटिव मामले सामने आए। 6 मरीजों की मौत भी हुई है। सबसे ज्यादा 42 संक्रमित गौतमबुद्धनगर जिले में मिले। प्रदेश में अब तक 8729 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें यूपी लौटे 2288 प्रवासी श्रमिक शामिल हैं। वहीं, 229 मरीजों की मौत हो चुकी है।

राजस्थान:-
यहां मंगलवार को कोरोना के 272 नए पॉजिटिव केस सामने आए और 4 लोगों की जान गई। नए मरीजों में भरतपुर में 70, जयपुर में 42, जोधपुर में 44, पाली और कोटा में 13-13 मिले। राज्य में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 9373 पहुंच गया। प्रदेश में कोरोना से अब तक 203 मौतें हुईं।

मध्य प्रदेश:- यहां मंगलवार को 137 नए पॉजिटिव मिले और 6 की जान गई। भोपाल में 20, इंदौर में 31, नीमच में 24, जबलपुर में 10, सागर और ग्वालियर में 9-9 मरीज मिले। राज्य में मरीजों की संख्या 8420 हो गई है। अब तक 5221 मरीज स्वस्थ हो गए हैं।

इन सात राज्यों के अलावा बिहार (4,155 केस), आंध्र प्रदेश (3,898 केस), कर्नाटक (3,796 केस) और तेलंगाना (2,891 केस) में भी कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।


हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें.
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version