नोएडा में मिला कोरोना का 9वां मामला, सेक्टर-137 की ब्लॉसम काउंटी सोसायटी भी हुई सील

गाज़ियाबाद से सटे नोएडा में कोरोना वायरस का एक और मामला सामने आया है। यह पॉजिटिव केस सेक्टर-137 के ब्लॉसम काउंटी सोसायटी में मिला, जिसके बाद सोसायटी को सील कर दिया गया। यहां रहनेवाली एक महिला कोरोना पॉजिटिव है। यह नोएडा शहर का 9वां मामला है। फिलहाल उनके पति और बेटी का सैंपल भी जांचा जा रहा है। तीनों को ग्रेटर नोएडा के जिम्स में भर्ती कराया गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि नोएडा में 47 वर्षीय महिला में कोविड-19 की पुष्टि हुई है। हाल में उन्होंने विदेश यात्रा भी नहीं की थी। प्रशासन ने कहा है कि सोसायटी में इमर्जेंसी के मामलों को छोड़कर किसी को भी आने या जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया है कि महिला विदेश कभी नहीं गई। हालांकि उनके ऑडिटर पति का एक क्लाइंट लंदन से उनसे मिलने आया था। महिला पर कोरोनावायरस के लक्षण दिखाई दिए तो उनकी जांच की गई। अभी उनके पति और बच्ची के टेस्ट रिजल्ट नहीं आए हैं।

फिलहाल गौतम बुद्ध नगर के डीएम बीएन सिंह ने बताया कि सोसायटी को 26 मार्च की सुबह 10 बजे तक के लिए सील कर दिया गया है। इस दौरान कोई अंदर या बाहर नहीं जा सकेगा। इतने वक्त में सोसायटी को सैनिटाइज किया जाएगा और लोगों को कुछ निर्देश दिए जाएंगे, जिनका उन्हें पालन करना होगा।


हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version