सोमवार सुबह से दिल्ली के बार्डर हो जाएंगे सील, यूपी, राजस्‍थान समेत इन राज्‍यों में लॉकडाउन

भारत में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर रविवार को 341 पर पहुंच गए हैं। सात लोगों की मौत भी हो चुकी है। कोरोना वायरस से निपटने के लिए भारत में हर संभव कोशिश की जा रही है। इसी कड़ी में केंद्र और राज्य सरकारें अभूतपूर्व कदम उठा रही हैं। केंद्र सरकार ने सलाह दी थी कि देश के 75 जिलों में लॉकडाउन की घोषणा की जाए। जिसके बाद कोरोना वायरस को थर्ड स्टेज में पहुंचने से रोकने के लिए दिल्ली समेत देश के कई राज्यों ने लॉकडाउन का ऐलान किया।

दिल्ली
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दिल्ली को लॉकडाउन करने की घोषणा की है। केजरीवाल ने कहा कि 23 मार्च (सोमवार) से 31 मार्च तक पूरी दिल्ली को लॉकडाउन किया जा रहा है। इस दौरान प्राइवेट बसें, रिक्शा, टैक्सी बंद रहेंगी। हालांकि डीटीसी की बसें 25 प्रतिशत चलेंगी। इसके अलावा मेट्रो, ट्रेन, बाजार, ऑफिस बंद रहेंगे। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली से लगी बॉर्डर को भी बंद किया जाएगा। हालांकि, दूध, सब्जियां, दवाइयां मिलती रहेंगी।

यूपी के 15 जिलों में लॉकडाउन
कोरोना वायरस को थर्ड स्टेज में पहुंचने से रोकने के लिए उत्तर प्रदेश के 15 जिलों को सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लॉकडाउन करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आगरा, लखनऊ, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, वाराणसी, लखीमपुर खीरी, बरेली, आजमगढ़, कानपुर, मेरठ, प्रयागराज, अलीगढ़, गोरखपुर और सहारनपुर में लॉकडाउन रहेगा। अब 31 मार्च तक ये जिलें पूरी तरह से लॉकडाउन रहेंगे।

राजस्थान
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को 31 मार्च तक के लिए आवश्यक सेवाओं को छोड़कर राज्य में पूर्ण लॉकडाउन का निर्देश दिया। गहलोत ने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस पर अंकुश पाने के लिए और लोगों को सुरक्षित रखने के लिए 22 मार्च से 31 मार्च तक जरूरी सेवाओं और मेडिकल सेवाओं को छोड़कर ‘पूर्ण लॉकडाउन होगा।

पंजाब
वहीं, पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए पूरे राज्य को 31 मार्च तक लॉकडाउन करने का फैसला लिया है।सीएम अमरिंदर सिंह ने राज्य की जनता से कोरोना वायरस से लड़ने में प्रशासन की मदद करने की भी अपील की।

उत्तराखंड
उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राज्य में 31 मार्च तक लॉक डाउन की घोषणा की है। राज्य में सभी परिवहन सेवाएं 31 मार्च तक बंद रहेंगी। रावत ने कहा कि राज्य में मेडिकल सेवाओं लिए कोई भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी। दवाइयों या सेनिटाइजर को लेकर कालाबाजारी करने वालों को जेल भेजा जाएगा।

कर्नाटक
कर्नाटक के 9 जिलों में 31 मार्च तक लॉकडाउन कर दिया गया है। जिनमें बेंगलुरु, कलबुर्गी , धारवाड़, चिक्कबल्लापुर, मैसूरु, कोडूगु , मंगलुरु और बेलगावी शामिल है। बेंगलुरु में मेट्रो सेवाओं को भी 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है।

बिहार
कोरोना के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए अब बिहार ने भी लॉकडाउन का आदेश जारी किया है। सीएम नीतीश कुमार ने लॉकडाउन को लेकर रविवार शाम एक अहम बैठक बुलाई थी, इसी बैठक के दौरान पूरे सूबे को लॉकडाउन करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान निजी प्रतिष्ठान, कार्यालय और परिवहन सेवाओं को पूरी तरह से 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है। हालांकि अनिवार्य सेवाएं जारी रहेंगी. साथ ही लॉकडाउन से दवा की दुकान, राशन की दुकान, डेयरी, पेट्रोल पंप को अलग रखा गया है। वहीं बैंक, पोस्ट ऑफिस, एटीएम और मीडिया कार्यालय भी लॉकडाउन से बाहर रहेंगे।

तेलंगाना
कोरोना वायरस के चलते लिए तेलंगाना में भी पूरी तरह से 31 मार्च तक लॉकडाउन कर दिया गया है। केवल आवश्यक सेवाओं को अनुमति, मुख्यमंत्री ने लोगों से घरों में रहने के लिए कहा है। तेलंगाना में कोरोना वायरस के अब तक 21 मामले आ चुके हैं।


हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version