दिल्ली में विदेशी महिला से रेप के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या, पैरोल पर आया था बाहर

दिल्ली। पहाड़गंज इलाके में गुरुवार सुबह एक शख्स का शव मिलने से सनसनी मच गई, उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक 2014 में डेनमार्क मूल की महिला के बलात्कार का आरोपी था। वह पिछले 7 साल से तिहाड़ जेल मे बंद था लेकिन उसकी सजा की अवधि आधी होने पर उसे अदालत से पैरोल मिली थी।

डीसीपी संजय कुमार सेन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सुबह सूचना मिलते ही मौके पर पहाड़गंज एसएचओ और उनकी टीम पहुंची। जहां पर एक शख्स के सर पर गंभीर चोट था, खून बह रहा था। उसके साथ तीन और लोग वहां पर घायल हालत में मिले। सभी को नजदीक के हॉस्पिटल में ले जाया गया। जहां पर एक शख्स को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मोहम्मद राजा के रूप में हुई, वह मंडावली के पुलिया तलब चौक का रहने वाला था। इसके अलावा जो 3 लोग और घायल मिले हैं, उनकी पहचान विजय उर्फ रहीम, सुंदरलाल और रफी के रूप में हुई है। यह तीनों ही दिल्ली के मंडावली, यूपी के इलाहाबाद और वेस्ट बंगाल के मालदा टाउन के रहने वाले हैं।

पुलिस को आपसी विवाद में हत्या का शक
इस मामले में पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास के तहत पहाड़गंज थाने में मामला दर्ज किया है, पुलिस के अनुसार इस मामले में दो संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। उससे आगे की पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी पता चला की दो गुटों के बीच में कोई विवाद चल रहा था, उस विवाद को लेकर मारपीट और झगड़ा हुआ।

मृतक राजा पेरोल पर आया था जेल से बाहर
बताया जा रहा है कि तीनों घायल, मृतक और जिन दो को पुलिस ने हिरासत में लिया है, वे आसपास के इलाके में कूड़ा उठाने का काम करते हैं। साथ ही यह लोग ड्रग एडिक्ट भी हैं। पुलिस ने यह पुष्टि की है कि मृतक मोहम्मद राजा, रेप केस में आरोपी था और वह फिलहाल पैरोल पर बाहर आया हुआ था। आगे की छानबीन की जा रही है।

महिला टूरिस्ट से लूटपाट और चाकू की नोक पर रेप
दरअसल 2014 में डेनमार्क की रहने वाली 52 साल की महिला टूरिस्ट दिल्ली आई थी। टूरिस्ट रास्ता भूल गई थी। इस दौरान उनके साथ चाकू की नोक पर लूटपाट और रेप किया गया। महिला वापस अपने देश चली गई, लेकिन उससे पहले उसने राजदूत के सामने अपने बयान पुलिस को दर्ज कराए थे। उस मामले में 2 साल बाद 2016 में कोर्ट ने 5 को दोषी ठहराया था, उनमें से एक राजा भी शामिल था।

Exit mobile version