4 दिनों से लापता व्यक्ति को संदिग्ध हालात में लगी गोली, जांच में जुटी पुलिस

गाजियाबाद। 4 दिनों से लापता एक व्यापारी को गुरुवार रात संदिग्ध हालात में गोली लगने के बाद जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। सपा नेता पर व्यापारी को किडनैप कर तीन दिन तक बंधक बनाकर यातनाएं देने और फिर गोली मारने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संजयनगर सेक्टर-23 में रहने वाले मनोज कुमार तोमर (38) 12 मार्च को गुलधर में एक शादी समारोह से पत्नी व बच्चों को घर छोड़कर थोड़ी देर में आने की बात कह चले गए थे। सुबह तक वह घर नहीं लौटे थे और फोन भी बंद हो गया। बताया जाता है कि उनका शादी समारोह में ही सपा नेता संजीव चौधरी से किसी बात पर विवाद हुआ था।

परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मनोज की आखिरी बार अपने साले लोकेश से 12 मार्च की रात 11 बजे बातचीत हुई थी। लोकेश ने बताया कि 17 मार्च की सुबह जीजा मनोज ने उन्हें फोन किया और अपनी लोकेशन बताई। इस लोकेशन को सर्च करते हुए ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में पहुंचे, वहां उन्हें मनोज मिले। मनोज के पेट के पास गोली लगी हुई थी। मनोज ने बताया कि संजीव चौधरी और उसके साथियों ने गोली मारी है। सूचना पर नोएडा पुलिस भी आ गई। घायल को संजयनगर स्थित संयुक्त अस्पताल लाया गया। यहां से उन्हें सर्वोदय हॉस्पिटल ले जाया गया है।

एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मनोज के पेट के निचले हिस्से में दायीं ओर गोली लगी है। शादी में उनकी एक व्यक्ति से कहासुनी हो गई थी। उसी पर मनोज ने गोली मारने का आरोप लगाया है। चार दिन मनोज कहां रहे और किस जगह पर उन्हें गोली मारी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मनोज की हालत खतरे से बाहर है।

Exit mobile version