ITBP के जवानों की जिंदगी बचाने के लिए बम पर बैठ गया कुत्ता, धमाके में मौत

File photo

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में एक कुत्ते ने वफादारी की जबरदस्त मिसाल कायम की। एक सुरक्षाकर्मी के साथ चल रहे कुत्ते के कारण जवानों की जान बच गई। हालांकि इस दौरान भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के एक जवान को मामूली चोट आई है जबकि कुत्ते की मौके पर मौत हो गई।

धनोरा थाना क्षेत्र में बुधवार को ITBP के जवानों को गश्त के लिए रवाना किया गया था। इस दौरान गांव का ही एक कुत्ता भी उनके साथ चल रहा था। जब जवान हिकपोल और टेकानार के जंगल में पहुंचे थे, तभी कुत्ता वहां नक्सलियों के लगाए गए बम के ऊपर जाकर बैठ गया। इसके चलते प्रेशर बम में तेज धमाका हुआ। घटना में कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चपेट में आने से एक जवान मनोज यादव घायल हो गया। उसे हल्की चोट आई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद अन्य जवानों ने घायल मनोज को अस्पताल पहुंचाया। आईटीबीपी के घायल जवान मनोज ने बताया कि गांव में रहने वाला कुत्ता अक्सर शिविर आया करता था। इस दौरान जवान उसे खाना दे दिया करते थे। पिछले कुछ समय से गश्त के दौरान कुत्ता भी जवानों के साथ जाने लगा था। मनोज ने बताया कि जब जवान गश्त पर थे तब वह कुत्ता भी उनके साथ था।

जब जवान घटनास्थल के करीब पहुंचे तब कुत्ता बम के करीब गया और उसके ऊपर बैठ गया। इससे बम में धमाका हुआ और उसकी मृत्यु हो गई। बम से निकले छर्रे से मनोज घायल हो गए। मनोज ने कहा कि कुत्ते के कारण उनकी और अन्य जवानों की जान बच गई।

Exit mobile version