धीरेंद्र शास्त्री को नागपुर पुलिस से क्लीन चिट, कहा- अंध विश्वास फैलाने का सबूत नहीं मिला

नागपुर। महाराष्ट्र की नागपुर पुलिस ने बाबा बागेश्वर धाम को बड़ी राहत दी है। नागपुर पुलिस ने धीरेंद्र शास्त्री को क्लीन चिट दे दी है। बाबा पर अंधविश्वास फैलाने का आरोप लगा था।

बागेश्वर धाम बाबा के नाम से ख्याति पा चुके धीरेंद्र शास्त्री का नागपुर में 5 से 11 जनवरी के बीच एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान बाबा पर अंधविश्वास फैलाने का आरोप लगा था। धीरेंद्र शास्त्री को लेकर अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के उपाध्यक्ष श्याम मानव ने शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं जांच के बाद अब नागपुर पुलिस ने बाबा को क्लीन चिट दे दी है। नागपुर पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि 7-8 जनवरी दरबार से जुड़े वीडियो की पूरी पड़ताल की गई। पुलिस ने बताया पूरी पड़ताल करने के बाद वीडियो में ऐसा कुछ भी नहीं पाया गया जो यह साबित करे कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अंधश्रद्धा कानून 2013 के तहत कोई अंधविश्वास फैलाया है।

श्याम मानव ने की थी बागेश्वर बाबा की शिकायत
अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के उपाध्यक्ष श्याम मानव ने बागेश्वर धाम बाबा धीरेंद्र शास्त्री पर ढोंग रचने का आरोप लगाया था। श्याम मानव ने कहा था कि बाबा का कार्यक्रम तो 5 से 13 जनवरी तक होना था। लेकिन वे तो पहले ही कार्यक्रम छोड़कर भाग निकले। श्याम मानव ने कहा कि बाबा धर्म के नाम पर लोगों को बरगलाते हैं। दरअसल श्याम मानव की समिति ने बागेश्वर बाबा को लेकर कहा कि हमने उन्हें खुली चुनौती दी थी। लेकिन वे इसे स्वीकार करने से पहले ही कथा का कार्यक्रम छोड़ भाग निकले।

Exit mobile version