‘हमारी आर्मी को सबूत देने की जरूरत नहीं’, सर्जिकल स्ट्राइक पर दिग्विजय के बयान से राहुल गांधी ने झाड़ा पल्ला

File Photo

नई दिल्ली। सर्जिकल स्ट्राइक पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के सवाल उठाने के बाद पार्टी बुरी तरह फंस चुकी है। अब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उनके बयान से किनारा कर लिया है। राहुल ने कहा, मैं दिग्विजय के बयान से सहमत नहीं हूं। सेना के शौर्य पर कोई सवाल नहीं है। सेना कुछ करे तो सबूत देने की जरूरत नहीं है।

राहुल गांधी ने कहा कि जब हम अंग्रेजों से लड़ रहे थे, तब भाजपा-संघ के लोग उनके साथ थे। उन्हीं के नेताओं ने दो देशों का कॉन्सेप्ट दिया। जहां तक दिग्विजय जी के बयान की बात है। उन्होंने जो सर्जिकल स्ट्राइक पर कहा, उससे हम पूरी तरह डिसएग्री करते हैं। हमारी आर्मी पर हमें पूरा भरोसा है। अगर आर्मी कुछ करे तो सबूत देने की जरूरत नहीं। मैं दिग्विजय सिंह के बयान से पूरी तरह असहमत हूं। निजी तौर पर मेरा यह मानना है उन्होंने जो कुछ भी कहा, वह उनकी निजी राय है। कांग्रेस पार्टी भी इससे सहमत नहीं है।

मीडिया पर भड़के जयराम रमेश
दिग्विजय सिंह के बयान के बाद कांग्रेस की बौखलाहट आज साफ साफ दिखी जब पार्टी के मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने मीडिया वालों से धक्का मुक्की की। उन्होंने मीडिया का कैमरा जबरन हटा दिया और दिग्विजय सिंह को मीडिया से बात नहीं करने दिया। दिग्विजय सिंह अपने कल के बयान पर सफाई देना चाहते थे लेकिन जयराम रमेश ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया।

कांग्रेस DNA में ही पाकिस्तान परस्ती
दिग्विजय के बयान पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- दिग्विजय के शासन में मध्य प्रदेश सिमी का गढ़ था। ये कैसी भारत जोड़ो यात्रा है। इसमें टुकड़े-टुकड़े गैंग चल रहा है। राहुल कह रहे हैं कि सेना कमजोर हो गई है। कांग्रेस के DNA में ही पाकिस्तान परस्ती है। कभी सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगते हैं। कभी भगवान राम पर सवाल उठाते हैं।

क्या है ये पूरा विवाद है और कैसे शुरू हुई बहस?
दरअसल, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने पुलवामा और सर्जिकल स्ट्राइक का मामला उठाया। सिंह ने सरकार से पूछा- ‘पुलवामा में हमारे 40 जवान शहीद हुए थे…सरकार इसका खुलासा नहीं कर पाई…आखिर ये आरडीएक्स आया कहां से? सरकार अभी तक इस बात का जवाब नहीं दे पाई कि देवेंद्र सिंह डिप्टी एसपी कहां हैं? उसे क्यो छोड़ दिया गया? उस पर देशद्रोह का केस क्यों नहीं लगा? पीएम और पाक पीएम के क्या संबध हैं? कैसे संबध हैं। दोनों एक दूसरे की तरीफ कर रहे हैं।’

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक मंच से केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने आज तक संसद के सामने 2016 के सर्जिकल स्ट्राइक या 2019 के पुलवामा आतंकी हमले पर रिपोर्ट पेश नहीं की है। सरकार लगातार झूठ बोलती रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब तक सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर कोई सबूत नहीं दिखाया है।

Exit mobile version