गाजियाबाद: भाई की जमानत के लिए आई बहन का होटल के कमरे में लटका मिला शव

गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र के एक होटल में बिहार निवासी युवती का शव मिला है। वो भाई की जमानत के लिए आई थी। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

बिहार के मोतिहारी की रहने वाली सरिता पत्नी मंगेश 17 जनवरी को बिहार से जेल में बंद भाई चंदन की जमानत के लिए आई थी। उससे मिलने के बाद वह होटल में रुकी हुई थी। सरिता का भाई 20 अक्तूबर 2020 से कविनगर थाने से दुष्कर्म और हत्या के मामले में जेल में था। सरिता गाजियाबाद में वेव सिटी थाना क्षेत्र के अनंत होटल में कमरा लेकर रुकी हुई थी।  20 जनवरी 2023 शुक्रवार को चंदन जमानत पर बाहर आया था। सरिता का भाई शुक्रवार शाम करीब छह बजे जेल से छूटकर बाहर आया और होटल पहुंचा।

होटल कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम से कमरे का दरवाजा खुला नहीं था। काफी खटखटाने बावजूद जब कमरे से कोई आवाज नहीं आई तो कर्मचारियों को शक हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर आई और कटर से दरवाजा काटकर अंदर घुसी। देखा तो सरिता की लाश पंखे के सहारे फांसी पर लटकी हुई थी। उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

एसीपी वेव सिटी रवि प्रकाश सिंह का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उसके भाई को जमानत मिल गई है। इसके बाद भी उसने आत्महत्या क्यों की इसका कारण अभी पता नहीं चला है। सरिता के फोन कॉल व अन्य सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Exit mobile version