गाजियाबाद: रेस्टोरेंट में शराब परोसने वाले संयम कोहली को भाजपा ने पद से किया निष्कासित

गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र में रेस्टोरेंट में शराब परोसने और उसमें रशियन गर्ल का डांस करवाने वाले संयम कोहली को बीजेपी युवा मोर्चा महानगर कोषाध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष सचिन डेढ़ा ने उनका निष्कासन कर पार्टी हाईकमान को इसकी सूचना भेज दी है।

संयम कोहली आरडीसी स्थित रेस्तरां में तासा नाम से अवैध रूप से बार चला रहा था। इसकी अनुमति आबकारी विभाग से नहीं ली गई थी। यही नहीं बिना अनुमति के यहां विदेशी बार बालाओं का डांस कराया जा रहा था। एक महिला ग्राहक ने इसका वीडियो बनाकर पुलिस अधिकारियों को भेज दिया। पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर वहां से शराब की बोतलें बरामद की। आरडीसी चौकी इंचार्ज की ओर से संयम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

इसके दो दिन बाद भाजपा ने संयम पर कार्रवाई कर उसे पद से निष्कासित कर दिया है। हालांकि पार्टी से निष्कासित नहीं किया गया है। भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष सचिन डेढ़ा ने मंगलवार शाम संयम कोहली को कोषाध्यक्ष पद से निष्कासित कर पत्र जारी किया है। उन्होंने पत्र में कहा है कि संयम कोहली के कार्यों और समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों से पार्टी की छवि धूमिल हुई है। इसके चलते संयम कोहली को तत्काल प्रभाव से युवा मोर्चा के महानगर कोषाध्यक्ष पद से निष्कासित किया जाता है। उन्होंने पत्र की प्रति भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के महानगर अध्यक्ष को भेजी है।

बार संचालित करने के लिए नहीं लिया लाइसेंस
कविनगर एसीपी ने बताया कि धारा-144 का उल्लंघन करके डांस प्रोग्राम आयोजित किया गया था। बार का भी कोई लाइसेंस मौके पर नहीं मिला है। इस मामले में संयम कोहली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है, जो इस बार का संचालक है।

Exit mobile version