सीबीएसई राष्ट्रीय योग चैंपियनशिप में गाजियाबाद के ध्रुव शर्मा ने जीता रजत पदक

गाजियाबाद। कहते हैं हुनर सीखने की कोई उम्र नहीं होती। अगर इरादे मजबूत हो तो आप कोई भी मुकाम हासिल कर सकते हैं। वसुंधरा का ध्रुव शर्मा ऐसा ही नाम है, जो लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहा है।

सीबीएसई राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता का आयोजन माउंट अबू स्कूल दिल्ली रोहिणी में 9 से 11 जनवरी तक आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में भारत के हर राज्य एवं देश के बाहर संचालित सीबीएसई स्कूल की 128 स्कूल के टीम ने भाग लिया था। सेंट टेरेसा स्कूल इंदिरापुरम के ध्रुव शर्मा छात्र ने इस चैंपियनशिप में अंडर 14 लड़कों की श्रेणी में व्यक्तिगत रूप से रजत पदक जीता है।

सेंट टेरेसा स्कूल के निदेशक राजा रमन खन्ना ने कहा कि ध्रुव शर्मा जैसा छात्र रोल मॉडल है, बच्चों को उनका अनुसरण करना चाहिए। ध्रुव शर्मा पढ़ाई में अद्भुत, अच्छे वक्ता, वैज्ञानिक स्वभाव और शांत स्वभाव के हैं। हर बच्चे को बचपन से ही कम से कम एक खेल जरूर खेलना चाहिए, इससे उन्हें चीजों को अलग तरीके से करने में मदद मिलती है। स्कूल शैक्षिक निदेशक रेणु श्रीवास्तव ने कहा कि ध्रुव की कड़ी मेहनत और योग के लिए जुनून उन्हें बढ़ने में मदद करता है। भगवान उनके सारे सपने पूरे करें। खेल विभाग के स्कूल प्रमुख योगेश कुमार ने कहा कि अब हमारा ध्यान अंतर्राष्ट्रीय योग आयोजनों पर है, ध्रुव वहां भी जीत दर्ज करवाएगा।

ध्रुव की मां विनीता शर्मा ने बताया कि सरकार को ध्रुव जैसे युवा प्रतिभाओं की सराहना करनी चाहिए। पिछले 7 वर्षों से वह राष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम दर्ज करवा रहा है। ध्रुव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी से मिलना भी चाहता है।

इससे पहले ध्रुव ने जनपद बहराइच में आयोजित 39वीं उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स योगासन चैपियनशिप 2021 में 12 से 14 आयु वर्ग में ध्रुव ने स्वर्ण पदक हासिल किया। ध्रुव ने 12वीं जनपद योगासन स्पोट्र्स चैपियनशिप में भी पहला स्थान हासिल कर राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई थी। इसके अलावा ध्रुव दिसंबर 2022 में एमिटी इंटरनेशनल 6 में आयोजित सीबीएसई जोनल योग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुका है।

Exit mobile version