दिल्ली के लिए सीजन का सबसे ठंडा दिन, एयरपोर्ट ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली। राजधानी दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी है और फिलहाल इससे राहत मिलती नहीं दिख रही है। कोहरे का भी असर बना हुआ है। आज सुबह दिल्ली के लोधी रोड पर तापमान 2.8 डिग्री दर्ज किया गया। इस तरह आज दिल्ली की सुबह सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। वहीं सफदरजंग में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए कोहरे का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली एयरपोर्ट ने जानकारी दी है कि सभी उड़ानों का संचालन इस समय सामान्य है फिर भी यात्रियों को संबंधित एयरलाइंस से संपर्क कर लेना चाहिए। सोमवार और मंगलवार के बीच करीब 100 उड़ानें देरी से संचालित हुईं वहीं कुछ रूट डायवर्ट किया गया। इसके अलावा आज कोहरे के कारण उत्तर रेलवे की 12 ट्रेन देरी से चल रही हैं और दो को दोबारा शेड्यूल किया गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि भारत के उत्तर पश्चिमी और मध्य व पूर्वी भारत में अगले दो-तीन घंटों में बहुत घना से लेकर घना कोहरा छा सकता है। अगले कुछ दिनों तक दिल्ली सहित एनसीआर क्षेत्र में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। वहीं विभाग ने सात जनवरी तक शीतलहर चलने व सर्द दिन रहने का रेड अलर्ट जारी किया है।

विभाग के अनुसार बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 16.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिल्ली का जाफरपुर इलाका सबसे ठंडा रहा। यहां अधिकतम तापमान 13.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं एनसीआर क्षेत्र में भी तापमान में गिरावट दर्ज हुई। अधिकतम तापमान एनसीआर के गाजियाबाद में 12.9 डिग्री, गुरुग्राम में 15 डिग्री और फरीदाबाद में 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Exit mobile version