रात में जिस बट्टे से की पति की हत्या, सुबह उसी पत्थर से बच्चों को चटनी पीसकर खिलाई

फिरोजाबाद। यूपी के फिरोजाबाद में कपड़ा व्यापारी विजय गोस्वामी की हत्या के मामले का थाना उत्तर पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। विजय गोस्वामी की हत्या उसकी पत्नी मंजू ने की थी। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में मंजू ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है।

मूल रूप से मैनपुरी के मुहल्ला भरतवाल निवासी 48 वर्षीय विजय गोस्वामी उर्फ सनोज अपनी पत्नी मंजू व बेटी रिंकी (16) व ऋतु (14) के साथ इंद्रपुरी में पार्षद सुबोध कुमार के मकान में तीन साल से किराए पर रह रहे थे। वे साइकिल पर फेरी लगा कर शाल बेचते थे। मंजू ने शुक्रवार रात दो बजे सूचना दी कि उसके पति की हत्या हो गई है। शव नाली में पड़ा है। इसके बाद सीओ सिटी हरिमोहन सिंह, इंस्पेक्टर उत्तर नरेंद्र शर्मा फोर्स के साथ पहुंचे और जांच शुरू की।

मंजू ने बताया था कि विजय रात में दोस्तों के साथ नीचे वाले कमरे में शराब पी रहा था। इसके बाद उसके दोस्त गायब हैं। पत्नी के बयान में कई विरोधाभास थे, जिसके बाद शक गहरा गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पूछताछ में मंजू ने पति की हत्या स्वीकार ली। पुलिस ने घर से हत्या में प्रयुक्त बट्टा व खून से सनी मैक्सी बरामद की है।

मंजू बोली शराब में उड़ाता था कमाई करता था पिटाई
मंजू ने बताया कि उसका पति शराब पीकर उसके और पुत्रियों से गाली गलौज व मारपीट करता था। अपनी कमाई की वह शराब और जुए में उड़ा देता था। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति खराब थी। तीन माह से मकान का किराया भी नहीं दिया गया था। 30 दिसंबर की रात विजय शराब पीकर सो गए थे। रात में सोते समय उनके सिर पर सिल वाले बट्टा से प्रहार कर हत्या कर दी और शव को घसीट कर नाले में फेंक दिया। इसके बाद शोर मचाया, जिससे हत्याकांड में दोस्तों का नाम आ सके।

हत्या के बाद बट्टा धोकर मंजू ने बनाई थी चटनी
सोते समय पति के सिर में बट्टा मारकर हत्या और लाश नाले में फेंकने के बाद मंजू ने सुबूत मिटाना शुरू कर दिया। रात में ही बट्टा से खून साफ करने के बाद चटनी बनाई। रात को पुलिस को घटना की जानकारी देने के बाद सुबह बच्चों को वही चटनी खिलाई। इसके बाद बच्चों को हत्या की बात भी बता दी। पति की हत्या में जेल गई मंजू की पहली शादी मैनपुरी निवासी युवक अशोक कुमार से हुई थी। अशोक से दो बच्चे हुए। 2004 में अशोक और मंजू के बीच अलगाव हो गया। इसके बाद मंजू ने विजय गोस्वामी से शादी कर ली। विजय से दो बेटियां हुईं।

पहले भी की थी हत्या की कोशिश
मूलरूप से औरैया की रहने वाली मंजू ने 2004 में विजय से कोर्ट मैरिज की थी। उसने अपने पहले पति मैनपुरी निवासी अशोक राठौर को छोड़ दिया था। कोर्ट मैरिज के बाद दोनों में विवाद होने लगा। तब मंजू ने पति विजय की हत्या कराने के लिए अरुण नाम के युवक को सुपारी थी। इस मामले में पुलिस ने मंजू और अरुण को जेल भेजा था। जमानत पर आने के बाद मंजू और विजय के बीच समझौता हो गया था।

Exit mobile version