‘हिमाचल के CM कोरोना पॉजिटिव, क्या राहुल ने टेस्ट करवाया’, अनुराग ठाकुर ने उठाए सवाल

File Photo

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल किया कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी राजस्थान में जाकर शामिल हुए थे। वे राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर पैदल चले और फिर कोरोना पॉजिटिव आए हैं।

कोरोना वायरस के देश में मामलों में नए सिरे से उछाल की आशंकाओं के बीच केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार द्वारा घोषित कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रही है। अनुराग ठाकुर ने कहा, “भारत जोड़ो यात्रा’ एक महीने से अधिक समय से चल रही है। दुनिया भर के कई देशों में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। कोविड मामलों में रिकॉर्ड तेजी से कई देश जूझ रहे हैं और सरकार ने हमारे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाए हैं। तो कांग्रेस इसका विरोध क्यों कर रही है? प्रोटोकॉल सभी के लिए हैं।”

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, ”क्या राहुल गांधी ने खुद का कोरोना जांच करवाया है…क्योंकि वह हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ भारत जोड़ो यात्रा के दौरान “हाथ में हाथ डाले” चल रहे थे। सुखविंदर सिंह सुक्खू तो कोरोना संक्रमित पाए गए हैं तो क्या राहुल गांधी ने कोरोना जांच किया?”

उन्होंने कहा, ”हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। उस दिन राहुल गांधी मुख्यमंत्री के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे थे। क्या राहुल ने खुद की कोविड जांच कराई?” भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चलने के तीन दिन बाद 19 दिसंबर को सुक्खू कोविड पॉजिटिव पाए गए थे।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि अगर देश में कोरोना फिर से नए वैरिएंट के साथ फैलता है तो इसके लिए कांग्रेस के नेताओं को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। ठाकुर ने पूछा, ”क्या कांग्रेस नेताओं ने कोविड के बारे में गलत सूचना फैलाना जारी रखने का फैसला किया है जैसा कि उन्होंने वैक्सीनेशन को लेकर किया था।”

Exit mobile version