महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद पर शिंदे-बोम्मई की हुई अमित शाह के साथ बैठक

File Photo

नई दिल्ली। महाराष्ट्र और कर्नाटक में चल रहे सीमा विवाद के बीच बुधवार को दिल्ली में संसद भवन में अहम बैठक हुई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मौजूद रहे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद के संबंध में एक बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई के साथ कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र भी उपस्थित थे। बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, “दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच चर्चा हुई। किसी विवाद का हल सड़क पर नहीं होता। जब तक सुप्रीम कोर्ट का निर्णय नहीं आता तब तक कोई राज्य कोई हिस्सा क्लेम नहीं करेगा।”

अमित शाह ने कहा, “सीमा मुद्दे पर महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच आज सकारात्मक माहौल में बैठक हुई। सकारात्मक रुख रखते हुए दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री इस बात पर सहमत हुए कि संवैधानिक तरीके से समाधान निकाला जाना चाहिए।”

बता दें कि महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच दशकों पुराने सीमा विवाद के एक बार फिर से गहराने पर अमित शाह ने बुधवार शाम दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई थी। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई के साथ कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र भी शामिल हुए।

महाराष्ट्र और कर्नाटक में सीमा विवाद
महाराष्ट्र बेलगावी शहर और कर्नाटक के पांच जिलों के 865 गांवों पर दावा कर रहा है।मामला शीर्ष अदालत के समक्ष है। कर्नाटक ने महाराष्ट्र की याचिका की विचारणीयता पर सवाल उठाया है और कहा है कि राज्य की सीमाओं से संबंधित मुद्दों से निपटने का अधिकार केवल संसद के पास है। हाल ही में दोनों राज्यों में सीमा विवाद को लेकर काफी हंगामा हुआ है। कर्नाटक में महाराष्ट्र के वाहनों पर पत्थरबाजी हुई। इसके जवाब में महाराष्ट्र में भी कर्नाटक के वाहनों को निशाना बनाया गया।

Exit mobile version