RBI के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन भारत जोड़ो यात्रा में हुए शामिल

जयपुर। कन्याकुमारी से चलकर राजस्थान पहुंची कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा में बुधवार को भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन भी शामिल हुए। रघुराम राजन को यूपीए के दूसरे कार्यकाल में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया का गवर्नर बनाया गया था।

बुधवार को राजस्थान के सवाई माधोपुर के भाडोती से फिर से शुरू हुई यात्रा जिसमें राहुल गांधी के साथ पूर्व RBI गवर्नर रघुराम राजन भी चलते हुए दिखाई दे रहे हैं। दरअसल रघुराम राजन केंद्र सरकार की मौद्रिक नीतियों की कई बार आलोचना भी कर चुके हैं। इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ राजस्थान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ कार्यकर्ता भी चलते हुए दिखाई दे रहे हैं। राहुल गांधी और रघुराम राजन के अलावा राहुल गांधी के साथ सचिन पायलट और प्रताप सिंह खाचरियावास भी दिखाई दे रहे हैं।

कौन हैं रघुराम राजन
1963 को मध्य प्रदेश के भोपाल में पैदा हुए रघुराम राजन भारत के 23वें RBI गवर्नर रह चुके हैं। RBI में अपने कार्यकाल के दौरान रघुराम राजन बैंक ऑफ इंटरनेशनल सेटलमेंट के वॉइस चेयरमैन भी रह चुके हैं। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कार्यकाल में 2013 में भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर का पद संभालने वाले राजन नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में 2016 तक भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर रहे। इनके बाद उर्जित पटेल RBI के गवर्नर बने थे। IIT दिल्ली से बी.टेक और IIM आहमादबाद से मैनेजमेंट की डिग्री के साथ रघुराम राजन ने MIT से Ph.D भी की हुई है।

बता दें राहुल गांधी ने 7 सितंबर को कन्याकुमारी से कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की है। यह भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों से गुजर चुकी है। यह फरवरी 2023 की शुरुआत में कश्मीर में खत्म होगी। 150 दिनों में 3,570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।

Exit mobile version