‘युवा नेता पायलट हिमाचल जबकि अनुभवी गहलोत गुजरात ऑब्जर्वर थे’, कांग्रेस नेता का तंज

नई दिल्ली। भाजपा ने गुजरात विधानसभा की 182 सीटों में से रिकॉर्ड 156 सीटों पर जीत दर्ज की है। हिमाचल प्रदेश में हर चुनाव की तरह इस बार भी सत्ता बदली है। राज्य की 68 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने 40 सीटें जीती है। वहीं BJP को 25 सीटों पर जीत मिली है। आम आदमी पार्टी खाता भी नहीं खोल सकी। इन नतीजों के बाद कांग्रेस नेता प्रमोद कृष्णम राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तंज कसते हुए सचिन पायलट की तारीफ की।

कांग्रेस नेता आचार्य कृष्णम ने ट्वीट किया, ”युवा नेता सचिन पायलट हिमाचल प्रदेश के ऑब्जर्वर थे और हमारे अनुभवी नेता अशोक गहलोत जी गुजरात के। आगे मुझे कुछ नहीं कहना है।” दरअसल गुजरात चुनाव के लिए कांग्रेस ने दिग्गज नेता अशोक गहलोत को कमान सौंपी थी। पार्टी ने उन्हें सीनियर ऑब्जर्वर बनाया था जबकि राजस्थान के ही रघु शर्मा को राजस्थान का प्रभारी बनाया गया था। दूसरी ओर सचिन पायलट हिमाचल प्रदेश के ऑब्जर्वर बने थे। उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ मिलकर कई रैलियों को संबोधित किया था।

‘हिमाचल में हर वादा जल्द से जल्द निभाएंगे’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत पर प्रदेश की जनता का धन्यवाद करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि जनता से किया हर वादा जल्द से जल्द निभाया जाएगा। उन्होंने ट्वीट किया, ”हिमाचल प्रदेश की जनता को इस निर्णायक जीत के लिए दिल से धन्यवाद। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को हार्दिक बधाई। आपका परिश्रम और समर्पण इस विजय की शुभकामनाओं का असली हकदार है।”

Exit mobile version