हरियाणा की भाजपा नेता और बिग बास फेम सोनाली फोगाट का निधन

हिसार। बिग बास फेम एवं बीजेपी नेता सोनाली फोगाट का निधन हो गया है। मौत का कारण पोस्‍टमार्टम में ही स्‍पष्‍ट हो सकेगा। हालांकि निधन की पुष्टि हिसार के भाजपा जिलाध्‍यक्ष कैप्‍टन भूपेंद्र सिंह ने की है।

पुलिस के मुताबिक सोनाली फोगाट की बॉडी अस्पताल में लाई गई थी और डॉक्टरों ने उन्‍हें मृत घोषित कर द‍िया था। पुलिस को जानकारी मिली है क‍ि उनकी बॉडी पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है फिलहाल शुरुआती जांच में कोई फाउल प्ले नज़र नहीं आ रहा है। उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद ही मौत की असली वजह की पुष्टि हो पाएगी। सोनाली फोगाट की मौत पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शोक जताया। उन्होंने ट्वीट किया-भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट के आकस्मिक निधन का बेहद दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दु:ख सहन करने की क्षमता प्रदान करें। ओम शांति!

वहीं भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने ट्वीट किया कि सोनाली फोगाट के अकस्मात निधन की सूचना से बेहद आहत हूं। वे बेहद मिलनसार एवं बेहतरीन कलाकार थीं। परमपिता परमात्मा उनको अपने चरणों में स्थान दे तथा परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति दे। ओम शान्ति

एंकरिंग से की थी अपने करियर की शुरुआत
सोनाली ने अपने करियर की शुरुआत साल 2006 में एंकरिंग से की थी। वह हिसार दूरदर्शन के लिए एंकरिंग करती थीं। दो साल बाद 2008 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली और तब से वह राजनीति में सक्रिय हो गई थीं। हालांकि, सोशल मीडिया के जरिए वह अपने अभिनय और मॉडलिंग के शौक को जाहिर करती रहीं।

सोनाली फोगाट पंजाबी और हरियाणवी फिल्में, म्यूजिक वीडियोज कर चुकी हैं। उन्होंने साल 2019 में फिल्म ‘छोरियां छोरों से कम नहीं होती’ में काम किया था। यह उनकी पहली और आखिरी फिल्म थी। इसके बाद वह 2019 में ही भाजपा की टिकट पर हरियाणा विधानसभा चुनाव में हिसार जिले की आदमपुर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरी थीं। हालांकि, वह चुनाव हार गई थीं।

Exit mobile version