भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कॉमनवेल्थ गेम्स की पदक विजेता दिव्या से बंधवाई राखी, दिए पांच लाख

दिल्ली। दिल्ली की अरविन्द केजरीवाल सरकार से मदद नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त करके सुर्खियों में आईं राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक विजेता पहलवान दिव्या काकरान से शुक्रवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली क्षेत्र से भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने मुलाकात की। इस दौरान तिवारी ने दिव्या काकरान से राखी बंधवाई और पूर्ण सहयोग देने का वचन देते हुए पांच लाख रुपये का चेक दिया।

मनोज तिवारी शुक्रवार की दोपहर दिव्या काकरान के गोकलपुर स्थित आवास पर अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र का सांसद होने के साथ-साथ दिव्या काकरान के भाई भी है। एक भाई के रूप में उनका कर्तव्य है कि वह दिव्या काकरान की हर दृष्टि से रक्षा और पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने पहले भी दिव्या काकरान की प्रतिभा को निखारने के लिए सहयोग किया है और भविष्य में भी न्याय दिलाने के लिए उसके साथ खड़े रहेंगे।

सांसद मनोज तिवारी ने ट्वीट करते हुए तस्वीरें साझा की हैं। इसमें उन्होंने लिखा है कि ‘सेना से भी सबूत… खिलाड़ी से भी सबूत…। शर्मनाक है आप (आम आदमी पार्टी) का रवैया। आज अंतरराष्ट्रीय यूथ दिवस पर बहन दिव्या काकरान से राखी भी बंधवायी और 5 लाख की राशि इनाम में दी। आने वाले समय में कलाकारों का सांस्कृतिक प्रोग्राम कर जो पैसा एकत्रित होगा उसे बहन को देंगे’।

उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार प्रोत्साहित करने के बजाय बार-बार अपमानित करके दिव्या काकरान का मनोबल तोड़ने का कार्य कर रही है, जबकि यह दुर्भाग्य की बात है कि एक खेल प्रतिभा को निखारने के लिए मेहनत मजदूरी कर उनके माता-पिता ने उन्हें प्रोत्साहित किया। उनकी मां ने अपना मंगलसूत्र भी गिरवी रख दिया। उन्होंने कहा कि आज सभी राज्य सरकारें अपने-अपने राज्यों के खिलाड़ियों को पलकों पर बैठा कर मान-सम्मान दे रही हैं, उनका हौसला बढ़ा रही हैं और आर्थिक सहयोग कर उन्हें मजबूती प्रदान कर रही हैं।

वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री और उनकी पूरी सरकार एक प्रतिभावान खिलाड़ी से दिल्ली में निवास करने की पहचान पूछ रही है। उन्होंने कहा कि दिव्या काकरान दिल्ली की बेटी है। इस कारण अरविंद केजरीवाल अपनी गलती को सुधारते हुए माफी मांगे और दिव्या के घर खुद आकर उसका हक उसे प्रदान करें। उन्होंने कहा ऐसे खिलाड़ी किसी राज्य को सौभाग्य से मिलते हैं, जो देश और दुनिया में राज्य का नाम रोशन करते हैं।

बता दें पहलवान दिव्या काकरान ने दिल्ली सरकार पर आर्थिक मदद नहीं देने का आरोप लगाया है। पहलवान का कहना है कि वह अब तक 58 पदक दिल्ली को दिला चुकी हैं, लेकिन दिल्ली सरकार ने आर्थिक मदद नहीं दी है।

Exit mobile version