नोएडा के गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी पर बड़ा एक्शन, बुलडोजर से गिराया अवैध निर्माण

लखनऊ। नोएडा ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी में मचे बवाल के बाद अब गालीबाज गुंडे श्रीकांत त्यागी के खिलाफ योगी सरकार का बुलडोजर ऐक्शन शुरू हो गया है। रविवार की रात लगातार दूसरे दिन हुए हंगामे के बाद सोमवार की सुबह पुलिस और प्रशासन के साथ बुलडोजर भी सोसाइटी पर पहुंच गया। साथ में हथौड़ा लेकर कर्मचारी भी पहुंचे। उसके अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का हथौड़ा चल रहा है। वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाते हुए योगी जिंदाबाद के नारे लगाए। महिला के साथ गालीगलौच और अभद्रता करने वाला श्रीकांत त्यागी अभी भी फरार है।

रात में हुए बवाल के बाद सोमवार की सुबह ही बुलडोजर और साथ में हथौड़ा फावड़ा लिए हुए कर्मचारी भी पहुंचे। श्रीकांत त्यागी के अवैध अतिक्रमण को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई। बुलडोजर से आरोपी के अतिक्रमण को तोड़ा गया। साथ ही ग्राउंड फ्लोर के फ्लैट के सामने लगे पेड़ों को भी उखाड़ फेंका गया।

श्रीकांत त्यागी के अवैध निर्माण की शिकायत 2019 से सोसाइटी में रहने वाले लोग कर रहे थे, लेकिन अपने रसूख के चलते वह कब्जा हटाने को तैयार नहीं था लेकिन आज जब उसका अवैध निर्माण हटाया गया तो सोसाइटी में रहने वाली महिलाओं ने तालियां बजाकर नोएडा अथॉरिटी की कार्रवाई का स्वागत किया।

दरअसल, दो दिन पहले श्रीकांत त्यागी का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह नोएडा की एक पॉश सोसाइटी में महिला के साथ गालीगलौच का मामला सामने आया था। इसके बाद यह मामला कल रात फिर से बढ़ गया जब फरार चल रहे त्यागी से जुड़े हुए कुछ गुंडे सोसाइटी में पहुंच गए। इसके बाद सांसद महेश शर्मा और पुलिस और डीएम मौके पर पहुंच गए। करीब आधा दर्जन हंगामा करने वालों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है लेकिन मामला अब काफी गरमा गया है। सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा के कड़े रुख के बाद पहली गाज फेस-2 के थाना प्रभारी पर गिरी है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा राजेश एस का कहना है कि पुलिस की टीम रविवार को आरोपी नेता श्रीकांत त्यागी के दिल्ली, नोएडा, लखनऊ स्थित कुल 15 ठिकानों पर छापामारी की। पुलिस की टीम श्रीकांत त्यागी के करीबी रिश्तेदारों और दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है। जल्द ही आरोपी नेता को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version