ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा कॉमनवेल्थ खेलों से हुए बाहर, जानें वजह

File Photo

नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों (कॉमनवेल्थ गेम्स) की शुरुआत 28 जुलाई से होने जा रही है। इससे दो दिन पहले भारत को बड़ा झटका लगा है। ओलंपिक चैंपियन जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा राष्ट्रमंडल खेलों से बाहर हो गए हैं। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के महासचिव राजीव मेहता ने इसकी पुष्टि की।

बर्मिंघम में शुरू होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए नीरज चोपड़ा को भारत के लिए पदक की एक बड़ी उम्मीद माना जा रहा था। लेकिन ग्रोइन इंजरी यानी जांघ में चोट के कारण वह अब इन खेलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उनकी यह समस्या वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल राउंड में भी नजर आई थी जहां आखिरी दो प्रयासों में वह फाउल करते और डगआउट में बैठकर जांघ पर पट्टी बांधते दिखे थे।

आईओए के सेक्रेटी जनरल राजीव मेहता ने नीरज के कॉमनवेल्थ गेम्स से बाहर होने की पुष्टि की है। राजीव मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि, मुझे आज सुबह भारतीय एथलेटिक्स महासंघ द्वारा यह जानकारी दी गई कि नीरज पूरी तरह फिट नहीं हैं। उन्हें ग्रोइन इंजरी है और स्कैन के बाद उन्हें एक महीने के लिए आराम करने के लिए कहा गया है। परिणामस्वरूप वह बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा नहीं लेंगे।

चैंपियनशिप फाइनल के बाद क्या बोले थे नीरज?
फाइनल मुकाबले में चौथे थ्रो के बाद नीरज चोपड़ा को जांघ पर जकड़न महसूस हुई और आखिरी दो थ्रो फाउल निकले। उन्होंने मैच के बाद कहा था,‘‘चौथा थ्रो भी और आगे जा सकता था। उसके बाद मुझे जांघ में जकड़न लगी और आखिरी दो थ्रो अच्छे नहीं गए। मैने जांघ पर पट्टी बांधी थी। मुझे कल सुबह ही पता चलेगा क्योंकि शरीर अभी भी गर्म है। उम्मीद है कि राष्ट्रमंडल खेलों से पहले कोई दिक्कत नहीं होगी।’’

कॉमनवेल्थ खेलों में वैश्विक प्रतिस्पर्धा का स्तर थोड़ा कम होता है। ऐसे में यह संभावना थी कि नीरज गोल्ड मेडल भारत की झोली में डाल सकते हैं। लेकिन अब उनके बाहर होने के बाद भारतीय दल को बड़ा झटका लगा है। नीरज 2018 कॉमनवेल्थ खेलों के चैंपियन भी हैं। वह इस बार अपने स्वर्ण पदक को डिफेंड करने के लिए उतरने वाले थे लेकिन अब ऐसा नहीं हो पाएगा। पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में नीरज ने 86.47 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के हामिश पीकोक (82.59 मीटर थ्रो) को मात दी थी।

Exit mobile version