गाजियाबाद: अवैध संबंध के शक में पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या, भागने में खुद के भी दोनों पैर टूटे

गाजियाबाद। गाजियाबाद में एक शख्स ने अपनी पत्नी को चाकू से गोंदकर मौत के घाट उतार दिया। पत्नी की हत्या कर वह घर की छत से कूदकर भागने लगा तो उसके दोनों पैरों की हड्डी टूट गई और गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल पुलिस हिरासत में अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।

थाना इंदिरापुरम इलाके के वसुंधरा सेक्टर 15 के 15 /166 मकान में जगदीश मीणा अपने बेटे विकास मीणा और बहू काम्या मीणा, एक 8 साल और एक 3 साल पोते के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बहू काम्या मीणा बैंक ऑफ बड़ौदा में सीनियर मैनेजर के पद पर नौकरी कर रही थीं। उनके बेटे विकास मीणा को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इस कारण से आपस में पिछले काफी समय से दोनों में तनाव चल रहा था। कई बार झगड़ा भी होता था, लेकिन दोनों को समझा दिया जाता था।

उन्होंने बताया कि कल विकास ने बहू का पीछा किया और देखा तो वह किसी दूसरे शख्स के साथ गाड़ी में जा रही थी। उस दौरान उसने गाड़ी में पत्थर भी मारा और दोनों के बीच हाथापाई भी हुई। शुक्रवार को फिर सुबह से ही दोनों के बीच झगड़ा चल रहा था, इसलिए आज वह खुद भी घर पर ही मौजूद थे।

उन्होंने बताया कि दोपहर को विकास उनके साथ ही सो रहा था। जब उन्हें गहरी नींद आ गई तो वह उनके पास से उठकर चला गया और अचानक ही अपनी पत्नी पर चाकू से वार करना शुरू कर दिया। जब उन्होंने चीख-पुकार की आवाज सुनी तो उन्होंने देखा कि विकास के हाथ में 2 चाकू थे। इस दौरान उन्होंने विकास को काफी पकड़ा, लेकिन उसके बावजूद भी विकास ने काम्या मीणा पर चाकू से वार करना बंद नहीं किया और जब काम्या मीणा लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर गई तो वह काम्या मीणा को संभालने लग गए। इसी दौरान विकास घर की छत पर चला गया और ऊपर से छलांग लगा कर भागने लगा। इसके बाद वह भी घायल हो गया।

दोपहर करीब एक बजे उन्होंने पुलिस कंट्रोल में सूचना दी कि उनके बेटे विकास ने बहू काम्या की चाकू से गोदकर हत्या कर दी है। एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला की मौत हो चुकी थी। उधर, उसके पति विकास को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि विकास के पास करीब 5-6 साल से जॉब नहीं थी और विकास की पत्नी काम्या मीणा बैंक ऑफ बड़ौदा की सीनियर मैनेजर थी। विकास अपनी पत्नी पर अक्सर शक करता था और यह भी जानकारी मिली है कि जनवरी महीने में भी विकास ने खुद आत्महत्या करने का भी प्रयास कर चुका है।

Exit mobile version