मानसून सत्र से पहले विदेश चले गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस में अभी गोवा का संकट खत्म नहीं हुआ था कि उत्तराखंड में 3 कांग्रेस नेताओं ने आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज विदेश के लिए रवाना हो गए हैं। कांग्रेस से जुड़े सूत्रों ने ये जानकारी दी है। उनकी विदेश से वापसी 17 जुलाई (रविवार) को होगी।

राहुल गांधी ने सुबह कतर एयरलाइंस की फ्लाइट से विदेश रवाना हुए हैं लेकिन फिलहाल अभी इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि वो किस देश के लिए निकले हैं। कभी-कभी महत्वपूर्ण राजनीतिक क्षणों में भी राहुल गांधी का विदेश यात्राओं पर निकल जाना ये सवाल खड़ा करता है कि राहुल गांधी नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए कितने प्रतिबद्ध हैं। खासकर तब जब कांग्रेस पिछले सालों से लगातार चुनाव हार रही हो। राहुल गांधी तब भी दौरे पर जा रहे हैं जब बहुत मुश्किल से गोवा में कांग्रेस के नेता पार्टी बदलने से रुके हैं। इस पर कांग्रेस की ओर से कोई टिप्पणी नहीं मिली।

मई में राहुल गांधी काठमांडू यात्रा पर गए थे
राहुल गांधी ने अभी मई महीने में काठमांडू की यात्रा की थी जहां उन्हें एक नाइट क्लब में देखा गया था बीजेपी ने उनकी उन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर जारी करते हुए सवाल भी उठाए थे लेकिन कांग्रेस ने इसका जवाब देते हुए कहा था कि वो एक पत्रकार मित्र की शादी में गए थे जिसमें कुछ भी गलत नहीं है।

आपको बता दें कि ये तस्वीरें पंजाब और उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में विधानसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद सबके सामने आईं थीं। राहुल गांधी ने उस समय यूरोप का भी दौरा किया था। इससे पहले राहुल गांधी चुनावों से ठीक पहले दिसंबर में इटली के लिए रवाना हुए थे और जनवरी के मिड में वो एक व्यक्तिगत यात्रा से लौटे थे।

Exit mobile version