हरियाणा बीजेपी के आईटी सेल प्रभारी को विवादित ट्वीट के कारण हटाया

गुरुग्राम। बीजेपी की हरियाणा इकाई ने गुरुवार को अपने आईटी सेल प्रभारी अरुण यादव को कुछ विवादित सोशल मीडिया पोस्ट की वजह से पद से हटा दिया है। इससे पहले नूपुर शर्मा को पैगंबर बयान पर और नवीन जिंदल को नूपुर शर्मा के समर्थन करने पर पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया है।

अरुण यादव के कुछ नए और कुछ पुराने ट्वीट्स बीते दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे जिसके बाद उनकी जमकर आलोचना हुई थी। लोगों का आरोप था कि यादव ने पैगंबर मोहम्मद और इस्लाम का अपमान किया है। सोशल मीडिया पर यादव की गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोधियों ने ट्विटर पर इसे ट्रेंड करा दिया था। इसके बाद ही भाजपा हरियाणा का फैसला आया है। उन्होंने साल 2017 में कुछ विवादित ट्वीट्स पोस्ट किए थे। उसे लेकर अब उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि अरुण यादव को तत्काल प्रभाव से पद से हटाया जा रहा है लेकिन उन्होंने इसका कोई कारण नहीं बताया। हालांकि अभी तक उनके खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है, लेकिन लोग ऑनलाइन उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

निकाले जा चुके हैं नूपुर और नवीन
पैगंबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रवक्ता नूपुर शर्मा को पार्टी से निलंबित कर दिया था। वहीं नूपुर शर्मा का समर्थन करने पर दिल्ली प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल को 6 साल के लिए पार्टी से बाहर किया जा चुका है।

Exit mobile version