दुल्हे की कार से उतर प्रेमी के साथ फरार हुई दुल्हन

वाराणसी। यूपी के वाराणसी में एक दुल्हन हैरतअंगेज तरीके से अपने प्रेमी के साथ भाग गयी। आरोप है कि दुल्हन अपने संग जेवर भी ले भागी। दूल्हे के परिजनों ने पूरी जानकारी लड़की के परिवार वालों को दी।

जंसा इलाके के बड़ागांव के बलुआ में शनिवार को धूमधाम से बारात आई। पूरे विधि-विधान से शादी संपन्न हुई। सुबह विदाई हुई तो लड़की अपने परिवार वालों से मिलकर अपने पति के साथ गाड़ी में बैठकर पहली बार ससुराल जाने को निकली। इस दौरान रास्ते में सामने से आ रही एक गाड़ी कुछ ही दूरी पर जा रुकी।

दुल्हन ने कहा कि ये मेरे रिश्तेदार हैं जो मुझसे मिलने आए हैं। उसने दूल्हे से कहा कि आप गाड़ी में ही बैठो, मैं उनसे मिलकर आती हूं। इसके बाद दुल्हन गाड़ी से उतरी और दूसरी गाड़ी के पास पहुंच गई। इसके बाद अचानक दुल्हन उस गाड़ी में बैठी और वो गाड़ी गोली की स्पीड से वहां से रफूचक्कर हो गई।

दूल्हा इससे पहले कुछ समझ पाता कि दुल्हन वहां से निकल गई। दूल्हे और उसके परिवार ने दुल्हन के परिवार वालों को पूरी बात बताई। अचानक इस घटना से हतप्रभ दूल्हे ने कुछ देर तक स्कार्पियो का पीछा किया फिर लौट आया। बताया जा रहा है कि दुल्हन ने अपने परिवार से कहा था कि वो किसी से प्यार करती है और उससे शादी करना चाहती है लेकिन लड़की के घर वाले नहीं माने और लड़की की किसी दूसरे लड़के से शादी फिक्स कर दी। लड़की ने शादी तो कर ली लेकिन अंत में अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।

Exit mobile version