यूपी पुलिस में 40 हजार पदों पर भर्ती जल्द, सीएम योगी ने दी मंजूरी

सीएम योगी

लखनऊ। यूपी पुलिस में भर्ती होने के लिए तैयारी कर रहे होनहारों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट बैठक हुई। जिसमें तबादला नीति 2022 को मंजूरी दे दी गई है। साथ ही बैठक में पुलिस के 40 हजार पदों पर भर्ती के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी गई।

योगी सरकार ने पुलिस विभाग में जिन पदों पर भर्ती का एलान किया है उनमें रेडियो शाखा, कांस्टेबल, कांस्टेबल पीएसी और जेल वार्डर आदि हैं। इसमें सबसे अधिक कांस्टेबल और इसके समकक्ष के पद हैं। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने करीब 40 हजार से अधिक पदों के लिए चयन प्रक्रिया शुरू कर दिया है, जो विभिन्न स्तरों पर चल रही है। इनमें 829 उपनिरीक्षक पदों की सीधी भर्ती के लिए बोर्ड को अधियाचन मिला है। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है।

वहीं, कंप्यूटर आपरेटर के 693, आरक्षी नागरिक पुलिस व समकक्ष पद 26382, आरक्षी पीएसी 8540 व जेल वार्डर के 1582 सहित अन्य पदों के लिए अधियाचन भर्ती बोर्ड को मिल चुका है। चयन की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। वहीं, 500 मृतक आश्रितों की भर्ती के संबंध में भी कार्यवाही की गयी है।

अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि दरोगा भर्ती में अनारक्षित, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के तहत चयनित अभ्यर्थियों का कटआफ अंक बोर्ड की वेबसाइट www.uppbpb.gov.in पर जारी कर दिया गया है।

Exit mobile version