गाजियाबाद: रिटायर्ड दारोगा के दो हत्यारोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थानाक्षेत्र में सोमवार रात दिल्ली पुलिस के रिटायर्ड दारोगा की गोली मारकर हत्या करने के दो आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अन्य बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही हैं। मृतक की पत्नी ने तीन नामजद समेत 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

सीओ रजनीश उपाध्याय ने बताया कि देहात एसओजी व थाने की टीम तभी से बदमाशों को ट्रेस करने में जुटी हुई थी। मंगलवार रात करीब 9 बजे पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। इसमें दो बदमाशों को पैर में गोलियां लगी हैं। उनकी पहचान ललित पहलवान और प्रवीण के रूप में हुई है। दोनों गाजियाबाद जिले के रहने वाले हैं। ललित पर चोरी, जानलेवा हमले के कई मुकदमे दर्ज हैं। सीओ ने बताया कि बदमाशों के अन्य साथियों के नाम-पते भी मिल गए हैं। उन्हें भी पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों से एक बाइक व तमंचे-कारतूस बरामद हुए हैं।

एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि रिटायर्ड दारोगा की हत्या के मामले में उत्तरांचल कॉलोनी निवासी प्रवीण, विकास उर्फ विक्की लंगड़ा तथा ललित उर्फ पहलवान समेत 20 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।

दरअसल लोनी बॉर्डर थानाक्षेत्र की राजनगर कॉलोनी जयवीर सिंह (61) दिल्ली पुलिस के उप निरीक्षक के पद से इसी साल जनवरी माह में सेवानिवृत्त हुए थे। उनका बड़ा बेटा सचिन दिल्ली पुलिस में सिपाही है, जबकि छोटा बेटा शिवम दिल्ली पुलिस की तैयारी कर रहा है। सोमवार रात कॉलोनी में कुछ लड़कों का झगड़ा हो गया था। इसके बाद एक पक्ष ने घर में घुसकर जयवीर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

Exit mobile version