आप ने घोषित किए पंजाब से पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी, सूची में हरभजन सिंह व राघव चड्ढा का भी नाम

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी ने पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, आप के पंजाब सह प्रभारी एवं दिल्ली के विधायक राघव चड्ढा, आइआइटी दिल्ली से जुड़े संदीप पाठक, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर अशोक मित्तल व कृष्णा प्राण ब्रेस्ट कैंसर केयर चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक संजीव अरोड़ा को पंजाब से राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। राज्यसभा के लिए नामांकन की आज अंतिम तिथि है।

आम आदमी पार्टी ने पंजाब में बंपर जीत के बाद राज्यसभा के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया है। हरभजन सिंह का नाम तो चर्चा में था, लेकिन बाकी दो को लेकर अटकलें चल रही थी। सोमवार को पार्टी की ओर से इस पर से सस्पेंस खत्म कर दिया गया। आप ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर अशोक मित्तल और कृष्णा प्राण ब्रेस्ट कैंसर केयर चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक संजीव अरोड़ा के नाम का भी एलान किया है। मित्तल और अरोड़ा का नाम अभी तक कहीं चर्चा में नहीं था।

वहीं 33 साल के राघव चड्ढा सबसे युवा राज्यसभा सदस्य बनेंगे। पंजाब में मिली ऐतिहासिक जीत में उनका बड़ा योगदान था। अशोक मित्तल लवली लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक हैं। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी दुनिया के सबसे बड़े निजी विश्वविद्यालयों में से एक है। वे पंजाब में शिक्षा क्षेत्र में काफी लंबे समय से काम कर रहे हें। वहीं संजीव अरोड़ा लुधियाना के बड़े व्यवसायियों में शामिल हैं। वे कृष्णा प्राण ब्रेस्ट कैंसर केयर चैरिटेबल ट्रस्ट चलाते हैं।

पंजाब में राज्यसभा सांसद कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा और शमशेर सिंह दूलो, अकाली दल के सुखदेव सिंह ढींडसा और नरेश गुजराल के अलावा भाजपा के श्वेत मलिक का कार्यकाल खत्म हो रहा है।पंजाब के विधानसभा चुनाव में आप ने 117 में से 92 सीटों पर विजय हासिल की है। इस कारण से राज्यसभा की खाली हो रहीं पांच सीटों पर आप के प्रत्याशियों की जीत होनी तय है।

अभी राज्यसभा में आप के तीन सांसद हैं। पंजाब में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। माना जा रहा है कि इन सभी पांच सीटों पर आप जीत दर्ज कर सकती है और इस तरह से अप्रैल में उच्च सदन में आप के सांसदों की संख्या बढ़कर 8 हो सकती है। अभी राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के तीन सदस्य हैं और ये सभी दिल्ली से हैं। इनमें राज्यसभा सांसद संजय सिंह, सुशील गुप्ता और एन. डी. गुप्ता हैं।

Exit mobile version