यूपी में फिर से योगी सरकार, सभी एग्जिट पोल में भाजपा को पूर्ण बहुमत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सोमवार को विधानसभा चुनाव 2022 के आखिरी चरण के लिए मतदान समाप्त हो गया है। अब चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे लेकिन इससे पहले आज मतदान के बाद एग्जिट पोल्स के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। विभिन्न पोल के मुताबिक यूपी में भाजपा की सरकार फिर से बन सकती है।

आजतक-एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में भाजपा की प्रचंड जीत
आजतक-एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में भाजपा की प्रचंड जीत का अनुमान लगाया गया है। सर्वे में कुल 403 सीटों में से भाजपा को 288 से 326 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि सपा को 71 से 101 सीटें दी गई हैं। इसी प्रकार बसपा को 3 से 9, कांग्रेस 1 से 3 और अन्य को 2 से 3 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।

टाइम्स नाउ नवभारत और वीटो पोल में यूपी में बीजेपी सरकार
टाइम्स नाउ नवभारत और वीटो के अनुसार उत्तर प्रदेश में सभी सात चरणों के चुनाव में भाजपा को बढ़त मिल रही है। हालांकि उसे 2017 के नतीजों की तुलना में नुकसान दिख रहा है। सभी 403 सीटों में भाजपा को 225 सीटें मिलने का अनुमान है। सपा गठबंधन 115 सीटों को मिलने का अनुमा है। बसपा को 14 और कांग्रेस को 9 सीटें मिलने की संभावना जताई जा रही है। वहीं अन्य को 4 सीटें मिल रही हैं।

CNN News18 का एग्जिट पोल
यूपी के एग्जिट पोल में CNN News18 ने बीजेपी सरकार बनने का अनुमान लगाया है। भाजपा गठबंधन को 240 सीटें मिलने की बात कही जा रही है। समाजवादी पार्टी को 140 सीटें मिलने का अनुमान है। बसपा को 17 सीटें मिलेंगी, यह भविष्‍यवाणी की गई है।

रिपब्लिक टीवी के एग्जिट पोल में बीजेपी को बहुमत
रिपब्लिक टीवी ने Matrize के साथ एग्जिट पोल के आंकड़े जारी कर दिए हैं। यूपी में बीजेपी गठबंधन को 262 से 277 सीटें मिलने का अनुमान है। यानी योगी आदित्‍यनाथ सरकार बचाने में कामयाब रहेंगे। सपा गठबंधन को 119-134 सीटें मिलने का अनुमान है। बसपा को 7 से 15 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस का बुरा प्रदर्शन इस बार भी जारी रहने के आसार हैं।

उत्तर प्रदेश में सीएम योगी सब पर भारी
न्यूज 24 और टुडेज़ चाणक्या (News 24 Today’s Chanakya Analysis 2022) की तरफ से किए गए एनालिसिस में उत्तर प्रदेश में बीजेपी दोबारा सत्ता में काबिज होती दिख रही है।इस बार के विधानसभा चुनावों में बीजेपी 294 (±19), सपा 105 (±19), बीएसपी 2 (±2), कांग्रेस 1 (±1) और अन्य 1 (±1) सीटें मिलने की उम्मीद है।

क्या थे 2017 चुनाव के नतीजे
साल 2017 के नतीजे आए तो एग्जिट पोल की बात आंशिक सत्य साबित हुई। बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर तो उभरी, साथ ही उसने बहुमत के जादुई आंकड़े को भी पार कर लिया। प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आई बीजेपी और उसके सहयोगी दलों अपना दल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के गठबंधन ने कुल 325 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसमें बीजेपी को 312 सीटों पर जीत मिली थी। बीजेपी को 39 प्रतिशत वोट मिले थे जबकि एनडीए को 41 फीसदी वोट मिले थे।

Exit mobile version