गाजियाबाद: पीएनबी बैंक के लॉकर से गायब हुए 70 लाख के जेवर, शिकायत दर्ज

गाजियाबाद। नेहरू नगर क्षेत्र में स्थित पीएनबी बैंक की शाखा के लॉकर से जेवर गायब हो गए हैं। गायब जेवरों की कीमत 70 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब बैंक का लॉकर खोला गया। फिलहाल मामले की शिकायत थाने तक पहुंच गई है जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई। आरोप है कि बैंक के स्टाफ ने यह कह कर पल्ला झाड़ लिया कि लाकर में रखे सामान की उनकी कोई ज़िम्मेदारी नहीं है।

सिहानी थाना क्षेत्र के अशोकनगर बी-119 निवासी प्रियंका गुप्ता का पिछले 20 वर्षों से पीएनबी में खाता है, यहाँ उन्होंने एक लॉकर भी ले रखा है। प्रियंका के मुताबिक नवम्बर, 2019 में उन्होंने आखिरी बार लॉकर का इस्तेमाल किया था, उस वक्त उनके जेवर सही सलामत थे। कोरोना महामारी के बीच उन्होंने दो साल तक बैंक नहीं गयीं, वहीं जब उन्होंने अक्टूबर 2021 में लॉकर खोलना चाहा और लॉकर नहीं खुला।

आरोप है कि जब उन्होंने इसकी शिकायत बैंक प्रबंधक से की तो उन्होंने कहा कि शायद चाभी खराब हो गयी है, बैंक चाभी बनाने वाली कंपनी से बात करेगा और ग्राहक प्रियंका गुप्ता को संपर्क करेगा। दो महीने तक बैंक से फ़ोन नहीं आया तो दिसंबर 2021 मैं प्रियंका दोबारा बैंक गयीं लेकिन इस बार भी चाभी नहीं चलने पर बैंक कर्मचारी प्रियंका ने फिर वही आश्वासन दिया।

इसके बाद अब वह 28 फरवरी 2022 को बैंक में पहुंची। प्रियंका ने बताया कि लॉकर तोड़कर खोला गया उन्हें करीब 70 लाख रुपए के जेवरात गायब मिले हैं। पीड़िता के अनुसार, लॉकर में उन्हें एक पोटली मिली, जो संभवत: उनकी नहीं थी। इस पोटली में मात्र 6 लाख रुपए के आभूषण मौजूद थे और पूर्व में रखे गए आभूषणों की लिस्ट मौजूद थी।

पीड़िता का कहना है कि पिछले चार-पांच महीने से बैंक के द्वारा उन्हें लॉकर ऑपरेट नहीं कराया जा रहा था और बैंक द्वारा बहाने बनाए जा रहे थे। इसमें बैंक प्रबंधक समेत सभी कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध है। उधर, प्रियंका की सूचना पर पुलिस ने बैंक में पहुंचकर जांच-पड़ताल की। इस बारे में सीओ ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज करके जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।

Exit mobile version