मेरा अस्पताल एप, एक क्लिक पर भर्ती मरीजों की मिलेगी दवा और अन्य सुविधाएं

लखनऊ। अभी तक अस्पतालों में भर्ती मरीजों की जानकारी के लिए स्वजन व तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब ऐसी व्यवस्था कर दी गई है कि घर बैठे भर्ती मरीजों की पूरी जानकारी मिलेगी।

स्वास्थ्य विभाग ने मेरा अस्पताल पोर्टल शुरू किया है। इस पर सभी सरकारी अस्पतालों में भर्ती मरीजों का डाटा उपलब्ध रहेगा। इससे भर्ती मरीजों की जानकारी एक क्लिक में मिल जाएगी। व्यवस्था सफल रही तो इसके प्राइवेट अस्पतालों में भी लागू किया जाएगा।

पोर्टल प्रदेश स्तर पर एक वर्ष पूर्व ही लांच किया गया था लेकिन इसमें कुछ खामियां होने से लाभ नहीं मिल पा रहा था। विभागीय स्तर से त्रुटि सुधार व अपग्रेड होने से अब यह काम करने लगा है। तीमारदार अपने मोबाइल में मेरा अस्पताल एप अपलोड कर अस्पताल व सीएचसी की जानकारी भी ले सकते हैं।

इससे केंद्रों पर भर्ती मरीजों की संख्या, मिलने वाली सुविधाओं व मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों का ब्योरा रहेगा। इसी के आधार पर अस्पतालों की श्रेष्ठता शासन स्तर पर तय होगी। दर्ज ब्योरे के अनुसार तीमारदारों से स्वास्थ्य विभाग के काल सेंटर से फीड बैक भी लिया जाएगा। अब यह व्यवस्था उप स्वास्थ्य केंद्रों पर भी लागू करने की तैयारी चल रही है।

Exit mobile version