यूक्रेन-रूस विवाद के बीच 240 भारतीय छात्र घर लौटे

नई दिल्ली। रूस द्वारा यूक्रेन पर हमले की आशंका के बीच एयर इंडिया के बोइंग 787 विमान से करीब 240 भारतीय छात्र देर रात भारत पहुंचे। यात्रियों ने भी विजय चिन्ह दिखा व हाथ हिलाकर भारतीय अधिकारियों का धन्यवाद दिया। यात्रियों ने आते ही ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।

जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया का बोइंग 787 विमान यूक्रेन की राजधानी कीव से शाम छह बजे रवाना हुआ था। यह सुबह दिल्ली से गया था। रूस के साथ बढ़ते तनाव के बीच हजारों भारतीय यूक्रेन से स्वदेश लौटने का इंतजार कर रहे हैं। यात्रियों ने कहा कि वह दिल्ली आकर बेहद खुश व खुद को बेहद सुरक्षित महसूस कर रहें हैं। यूक्रेन में स्थिति बहुत तनावपूर्ण है क्योंकि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पूर्वी यूक्रेन में डोनेट्स्क और लुहान्स्क क्षेत्रों की स्वतंत्रता को मान्यता देने वाले एक डिक्री पर हस्ताक्षर किए हैं। छात्रों ने कहा कि अपने वतन लौटकर काफी अच्छा लग रहा है, लेकिन यूक्रेन में आने वाले समय में स्थिति खराब होने वाली है।

दरअसल, केंद्र सरकार यूक्रेन में रह रहे भारत के विभिन्न राज्यों के भारतीय और छात्रों को यूक्रेन से भारत लौट आने की अपील कर चुकी है। 22, 24 और 26 फरवरी को इसके लिए विशेष उड़ानें चलाई जा रहीं हैं।

Exit mobile version