गाजियाबाद में हिजाब के समर्थन में हुए प्रदर्शन का वीडियो वायरल, पुलिस ने लाठी भांजकर खदेड़ा था

गाजियाबाद। कर्नाटक के हिजाब विवाद के बीच गाजियाबाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें पुलिस को हिजाब पहने महिलाओं पर लाठी बरसाते हुए देखा जा सकता है। पुलिस का कहना है कि वहां पर पहले पुलिस के साथ धक्की-मुक्की की गई थी इसके बाद लाठीचार्ज किया गया। यह प्रदर्शन बीते रविवार को कस्बा खोड़ा में हुआ था। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

गाजियाबाद के कस्बा खोड़ा में 13 फरवरी को कुछ महिलाओं ने हिजाब के समर्थन में बैनर-पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनसे प्रदर्शन की अनुमति के संबंध में पूछा। अनुमति नहीं होने पर उनसे प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की। प्रदर्शनकारी महिलाएं नारेबाजी करती रहीं। पुलिस ने उनके पोस्टर अपने कब्जे में लेने शुरू किए। इस दौरान उनसे धक्का-मुक्की हुई। हिजाब पहने हुईं महिलाओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था जिसका वीडियो अब वायरल है।

गाजियाबाद पुलिस की तरफ से सीओ अभय कुमार ने बताया कि मामला रविवार का है। जब पुलिस टीम पेट्रोलिंग पर थी तो उन्होंने देखा कि 10-15 महिलाएं एकजुट होकर प्रदर्शन कर रही थीं। बाद में उनको धारा 144 का हवाला देकर हटाया गया. कहा गया कि पुलिस के साथ वहां जो अभद्रता हुई थी, उसकी भी विवेचना की जा रही है।

खोड़ा इंस्पेक्टर बृजेश कुशवाहा ने बताया कि मामले में होटल संचालक रहीस समेत 15-20 अज्ञात महिलाओं पर केस दर्ज किया गया था। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता, मारपीट, गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। एक प्रदर्शनकारी महिला ने महिला कांस्टेबल के ऊपर लाउड हेलर फेंककर भी मारा था।

Exit mobile version