कांग्रेस के ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ अभियान की तीसरी पोस्टर गर्ल भी हुई भाजपा में शामिल

लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले कांग्रेस पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। पार्टी के चुनावी अभियान ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ कैंपेन की तीसरी पोस्टर गर्ल पल्लवी सिंह शमिवार को भाजपा में शामिल हो गईं। इससे पहले प्रियंका मौर्य और वंदना सिंह भी भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। दोंनों ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर टिकट बांटने में धांधली करने के आरोप लगाए थे।

आगामी चुनावों के लिए महत्वपूर्ण मामलों में आलाकमान की नगण्य भागीदारी के कारण वंदना सिंह बुधवार को भाजपा में शामिल हो गईं। उन्होंने कहा, ‘पार्टी केवल उन्हें अवसर दे रही हैं जो हाल फिलहाल में पार्टी में शामिल हुए हैं। मैं कांग्रेस के लिए पिछले 6 सालों से काम कर रही हूं। मैं पार्टी की महिला इकाई की उपाध्यक्ष थी। लेकिन हमें प्रियंका गांधी से बात करने का एक मौका नहीं मिला। हम पार्टी में अपने लिए बोल ही नहीं सकते।’

इससे पहले कांग्रेस से टिकट न मिलने के बाद प्रियंका मौर्य भाजपा में शामिल हो गई थीं। उन्होंने आरोप लगाया था कि विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के टिकटों के बंटवारे में धांधली की गई थी। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस ने अपने कैंपने के लिए मेरा चेहरे, मेरे नाम और मेरे 10 लाख मीडिया फॉलोअर्स का इस्तेमाल किया लेकिन जब टिकट देने की बारी आई तो उसे किसी और को दे दिया गया। यह सब पहले से तय था।’

बता दें कि कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से इससे पहले कहा था कि पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में 40% महिला उम्मीदवारों को टिकट देगी यानि की कुल उम्मीदवारों में से 160 उम्मीदवार महिलाएं होगीं।

14 फरवरी को दूसरे चरण का मतदान
403 विधानसभा सीटों वाले यूपी में 7 चरणों में विधानसभा चुनाव हो रहा है। पहले चरण के लिए 10 फरवरी को वोटिंग हुई थी। दूसरे चरण के लिए 14 फरवरी, तीसरे चरण के लिए 20 फरवरी, चौथे चरण के लिए 23 फरवरी, 5वें चरण के लिए 27 फरवरी, 6वें चरण के लिए 3 मार्च और 7वें चरण के लिए 7 मार्च को मतदान होगा।नतीजे 10 मार्च को आएंगे।

Exit mobile version