लता मंगेशकर की तबीयत फिर बिगड़ी, डॉक्टरों ने जारी किया हेल्थ अपडेट

मुंबई। भारत रत्न और सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर की तबीयत शनिवार को एक बार फिर ब‍िगड़ गई है। उन्‍हें फिर से वेंटिलेटर पर रखा गया है। लता मंगेशकर बीते 26 दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती हैं।

कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें 8 जनवरी को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 92 साल की लता ताई तभी से ICU में हैं। अस्पताल के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। लता जी का इलाज कर रहे डॉ प्रतीत समदानी ने शाम 4 बजकर 45 मिनट में दिए अपने बयान में कहा कि लता जी अभी ICU में ही हैं और उन्हें अग्रेसिव थैरेपी दी जा रही है। डॉक्टर्स की एक टीम 24 घंटे उनकी निगरानी कर रही है।

लता मंगेशकर के बारे में यह खबर सामने आने के बाद एक बार फिर उनके फैन्स चिंतित हो गए हैं। दिग्‍गज सिंगर कोरोना संक्रमि‍त हो गई थीं और उन्‍हें निमोनिया भी हुआ था, जिसके बाद उन्‍हें अस्‍पताल में एडमिट क‍िया गया था।

लता मंगेशकर को भारतीय सिनेमा की सबसे सफल गायिका माना जाता है। उन्होंने 13 साल की उम्र से अपना सिंगिंग करियर शुरू किया था। उन्होंने अलग-अलग भारतीय भाषाओं में 30 हजार से ज्यादा गानों को अपनी आवाज दी है। भारत सरकार की ओर से भारत रत्न के अलावा उन्हें पद्म भूषण, पद्म विभूषण, दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड और कई नैशनल फिल्म अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया है।

Exit mobile version