मैट्रिमोनियल साइट से ब्लैकमेलिंग करने वाला गिरफ्तार, दोस्ती के बाद बनाता था अश्लील वीडियो

दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने मैट्रिमोनियल साइट पर लड़कियों को फंसाकर उन्हें ब्लैकमेल कर पैसा उगाही करने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी शादी का वादा कर महिलाओं से वीडियो कॉल करता था। उस दौरान उनके अश्लील वीडियो बनाकर बाद में उनको ब्लैकमेल कर रहा था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली की रहने वाली एक महिला ने शाहदरा थाने में यह शिकायत दर्ज कराई थी कि अक्टूबर 2021 में वह एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए साहिल सचदेवा के संपर्क में आई थी। साहिल सचदेवा ने वीडियो कॉल के दौरान युवती की निर्वस्त्र तस्वीरें खींच लीं और उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था। उन्होंने बताया कि पैसे नहीं देने पर आरोपी ने महिला की निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल कर शिकायतकर्ता से दो लाख रुपये भी ऐंठ लिए थे।

पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) आर. साथियासुंदरम ने कहा कि टेक्निकल सर्विलॉन्स के दौरान दक्षिण दिल्ली के नेब सराय, साकेत में आरोपी के ठिकाने का पता चला। बाद में वहां छापेमारी की गई और सचदेवा को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि पूछताछ में पता चला कि आरोपी बेरोजगार है और उसने शादी के झूठे वादे कर कई कामकाजी महिलाओं को अपना निशाना बनाया था। पुलिस के मुताबिक सचदेवा ने सहारनपुर से बीटेक और पंजाब के जालंधर से एमबीए की डिग्री हासिल की है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल से कई लड़कियों की आपत्तिजनक तस्वीरें मिली हैं। पुलिस ने बताया कि यह भी खुलासा हुआ कि उसने गाजियाबाद, भोपाल तथा दिल्ली की और भी कई महिलाओं के साथ धोखाधड़ी की थी। इस संबंध में जांच जारी है।

Exit mobile version