यूपी चुनाव 2022: भाजपा ने जारी की अपनी लिस्ट, गाजियाबाद में लगाया मौजूदा विधायकों पर दांव

गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के पहले और दूसरे चरण के चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट शनिवार को जारी कर दी है। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में पार्टी ने एक बार फिर अपने सभी मौजूदा विधायकों को पर दांव लगाया है।

भाजपा ने अपनी पहली लिस्ट में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए गाजियाबाद में सभी पांचों विधानसभा सीटों पर अपने मौजूदा विधायकों को एक बार फिर चुनावी मैदान में उतार दिया है। यहां किसी का भी टिकट नहीं काटा गया है। भाजपा ने गाजियाबाद से अतुल गर्ग, साहिबाबाद सीट से सुनील शर्मा, लोनी से नंद किशोर गुर्जर, मोदीनगर से डॉ. मंजू सिवाच, मुरादनगर से अजित पाल त्यागी को टिकट दिया है।

बता दें कि, उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। इस बार यहां सात चरणों में मतदान होगा और 10 मार्च को मतगणना होगी। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 403 सीटें हैं। वर्ष 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में भाजपा को शानदार सफलता मिली थी। उत्तर प्रदेश में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 14 मई 2022 को समाप्त हो जाएगा। गाजियाबाद जिले की सभी सीटों पर पहले चरण में 10 फरवरी को मतदान होगा।

Exit mobile version