कब्र से लड़कियों की लाश निकालकर घर में सजाता था यह इतिहासकार, अब जताई शादी की इच्छा

मॉस्को। रूस के एक कुख्यात अपराधी ने शादी करने के लिए मेंटल इंस्‍टीट्यूट से रिहाई की मांग की है। अनातोली मोस्कविन नामक ये कुख्यात अपराधी लड़कियों की लाश कब्रिस्‍तान से चुराकर उनको घर ले जाता था फिर उन्‍हें घर में गुड़िया के रूप में सजाकर रखता था। पुलिस ने उसके घर से 26 लड़कियों की लाशें बरामद की थीं।

‘डेली मेल’ की खबर के अनुसार, अनातोली मोस्कविन (Anatoly Moskvin) एक जमाने में इतिहासकार हुआ करता था। बाद में अपनी अपराधिक मानसिकता के चलते उसे जेल भेज दिया गया और वहां से इलाज के लिए मेंटल इंस्‍टीट्यूट में भर्ती कराया गया। अब उसका नाम एक बार फिर चर्चा में है क्योंकि उसने अदालत से अपील की है कि उसे मेंटल इंस्‍टीट्यूट से छोड़ दिया जाए ताकि वो शादी रचा सके। 55 साल का मोस्‍कविन रूस के Nizhny Novgorod शहर का रहने वाला है।

पुलिस ने मोस्‍कविन को 2011 में गिरफ्तार किया था। उस पर 3 से 12 साल की उम्र की लड़कियों की 26 लाशें कब्रों से निकालने का आरोप था। तब पुलिस ने एक वीडियो भी जारी किया था, जिसमें लाशें सोफे पर रखी नजर आ रही थीं। मोस्‍कविन को रूस पैनल कोड के आर्टिकल 244 के तहत दोषी करार दिया गया था जिसमें कब्र और शवों की अपवित्रता पर सजा का प्रावधान है। हालांकि, बाद में मोस्‍कविन को मानसिक रूप से अस्वस्थ घोषित किया गया और मेंटल इंस्‍टीट्यूट इलाज के लिए भेज दिया गया।

गिरफ्तारी के बाद दिए इंटरव्‍यू में मोस्‍कविन ने बच्‍चों के प्रति सहानुभूति प्रकट करने की कोशिश की थी। साथ ही उसने यह दावा भी किया था कि वो विज्ञान या काले जादू से मृत लड़कियों की जिंदगी वापस ला सकता है। अनातोली मोस्कविन के वकील ने अदालत को बताया कि अब वो मानसिक रूप से पूरी तरह ठीक है और उसे शादी के लिए मॉस्को जाने की इजाजत दी जाए लेकिन कोर्ट ने इससे इनकार कर दिया।

वकील ने यह भी कहा कि चूंकि मोस्कविन मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसे इलाज के लिए मेंटल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अब जब वो ठीक है तो उन्हें रिहा किया जाना चाहिए। वकील ने यह भी कहा कि मोस्कविन 13 भाषाएं जानता है और लैंग्वेज टीचर बनना चाहता है।

Exit mobile version