देश में ओमीक्रॉन से पहली मौत, महाराष्ट्र में नाइजीरिया से लौटा था शख्स

मुंबई। कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रोन से देश में पहली मौत भी दर्ज की गई है। 52 वर्षीय शख्स हाल ही में नाइजीरिया से लौटा था। महाराष्ट्र में अब तक ओमिक्रॉन के 450 मामले सामने आ चुके हैं।

कोरोनावायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित ये शख्स पिंपरी चिंचवड के यशवंतराव चौहान हॉस्पिटल में भर्ती था। खबरों के मुताबिक 52 वर्षीय शख्स हाल ही में नाइजीरिया से लौटा था और संक्रमित होने के बाद 28 दिसंबर को उसकी मौत पिंपरी चिंचवड के अस्पताल में हो गई। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी साझा की है। ये भारत में ओमिक्रॉन संक्रमित किसी व्यक्ति की मौत का पहला मामला है।

बयान के मुताबिक मरीज को पिंपरी चिंचवाड नगर निगम के यशवंतराव चव्हाण अस्पताल में भर्ती किया गया था और वह पिछले 13 साल से मधुमेह से पीड़ित था। नाइजीरिया की यात्रा करने वाले 52 वर्षीय व्यक्ति की 28 दिसंबर को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। इनकी मौत का कारण गैर-कोविड बताया गया। आज आई एनआईवी की रिपोर्ट से पता चला की यह व्यक्ति ओमिक्रोन संक्रमित था।

महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरोनावायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के 198 नए मामले सामने आए, जिनमें से 190 मामले अकेले मुंबई में दर्ज किए गए हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने एक बयान में यह जानकारी दी। वहीं ओमिक्रॉन से एक व्यक्ति की मौत भी हो गई। नए मामले सामने आने के बाद महाराष्ट्र में अब तक ओमिक्रॉन के 450 मामले सामने आ चुके हैं।

विभाग के मुताबिक राज्य में सामने आए ओमीक्रोन के 198 नए मामलों में से केवल 30 ने हाल में विदेश यात्रा की थी। ठाणे शहर में ओमिक्रॉन के चार मामले जबकि सतारा, नांदेड़, पुणे और पिंपरी चिंचवाड नगर निगम क्षेत्रों से एक-एक मामला सामने आया है।

महाराष्ट्र में अब तक 450 ओमिक्रॉन संक्रमित
महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरोना के 5,368 नए मामले रिकॉर्ड किए गए। यह आंकड़ा बीते दिन के मुकाबले 1,468 ज्यादा है। इस दौरान 1,193 संक्रमित ठीक हुए और 22 लोगों की मौत भी हुई। राज्य में फिलहाल 18,217 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। इसके अलावा यहां ओमिक्रॉन के नए 198 मामले सामने आए हैं। बीते 24 घंटे में पाए गए 198 ओमक्रॉन संक्रमितों में से 190 केस सिर्फ मुंबई में रिकॉर्ड किए गए हैं। इस तरह राज्य में मामलों की संख्या बढ़कर 450 हो गई है।

देश में अब तक 961 केस
देश में ओमिक्रॉन वैरिएंट अब तक 23 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में फैल चुका है। गुरुवार को ओडिशा में पांच नए मामले आए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब तक देश में ओमिक्रॉन के 961 मामले सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि ओमिक्रॉन से संक्रमित 320 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं।

Exit mobile version