बीजेपी विधायक श्रेयसी सिंह ने शूटिंग में जीता बिहार के लिए दूसरा गोल्ड

पटियाला/जमुई। बिहार के जमुई की बीजेपी विधायक श्रेयसी सिंह ने नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में एक बार फिर गोल्ड पदक हासिल किया है। श्रेयसी ने यह उपलब्धि महिलाओं के डबल ट्रैप स्पर्धा में हासिल की है। इसके पूर्व भी इसी महीने एक और गोल्ड जीता था।
पंजाब के पटियाला में आयोजित 64वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह अपने जिले के साथ-साथ बिहार का नाम रोशन किया है उन्होंने बिहार के लिए ये दूसरा गोल्ड मेडल जीता है। श्रेयसी ने बातचीत में बताया कि वे लगातार खेल पर ध्यान केंद्रित रह रही हैं। कहा कि निशानेबाजी में उनका अथक मेहनत व लगन के बाद भी जमुई के उनके कार्यकर्ता के सहयोग से ही आगे बढ़ पा रही हैं।
श्रेयसी ने कहा कि उनके लगातार बाहर रहने के बाद भी जनता के दुख दर्द को दूर करने में उनके संग जुड़े कार्यकर्ता विशेष मेहनत कर रहे हैं। श्रेयसी सिंह नक कहा कि कार्यकर्ताओं का स्नेह व प्रेम है कि वे लोग जनता के बीच लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने अपनी जीत को कार्यकर्ताओं के सहयोग की देन बताया है।
उन्होंने भविष्य की तैयारियों को लेकर बताया कि फिलहाल वे चीन में होने वाले अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में दावेदारी पेश करने के लिए ट्रायल की तैयारियों में जुटी हैं। कहा कि अगले जनवरी 2022 में भोपाल में अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी के लिए ट्रायल देंगी। उनकी कोशिश होगी कि देश के साथ साथ बिहार का नाम दुनिया भर में रौशन करें।
बता दें कि जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह और बांका की पूर्व सांसद पुतुल कुमारी की बेटी हैं। उनके दो गोल्ड मेडल जीतने पर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है और उनकी जीत का जश्न भी मनाया।